यूजीसी आरक्षण नीति के विरोध में 23 अगस्त को जंतर-मंतर पर होगा महाआंदोलन

निसं
जयपुर (नवयत्न)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 23 अगस्त को प्रस्तावित यूजीसी आरक्षण नीति के विरोध में होने वाले महाआंदोलन में श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना भी शामिल होगी। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष उजागर सिंह डाबला ने बताया कि आंदोलन में देश के 22 राज्यों से समाज के लोग दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की ओर से तैयार की गई 22 राज्यों की सेना भी आंदोलन में भाग लेगी। सभी प्रदेश अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोगों के साथ दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। डाबला ने बताया कि संगठन की प्रमुख मांग केंद्र सरकार से यूजीसी आरक्षण नीति को पूरी तरह वापस लेने की है। उन्होंने कहा कि संगठन को योग्यता आधारित आरक्षण से आपत्ति नहीं है लेकिन आरक्षण का लाभ वास्तविक रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिलना चाहिए। उन्होंने राजस्थान सरकार से आगामी पंचायती राज चुनावों में ईडब्ल्यूएस वर्ग को आरक्षण देने की भी मांग की। डाबला ने चेतावनी दी कि यदि यह मांग पूरी नहीं की गई तो समाज आगामी चुनावों में वोट के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराएगा। उन्होंने युवाओं से 23 अगस्त को बड़ी संख्या में दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलन में भाग लेने की अपील की।

You might also like