वृन्दावन धाम की दो दिवसीय गोवर्धन परिक्रमा यात्रा आयोजित
निसं
जयपुर (नवयत्न)। गुप्त वृन्दावन धाम जयपुर की ओर से आयोजित दो दिवसीय श्री गिरिराज गोवर्धन परिकर््मा यात्रा भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुई। यात्रा में पांच बसों के माध्यम से 200 से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने श्री गोवर्धन परिक्रमा के साथ हरिनाम संकीर्तन, जप, कथा-श्रवण और विभिन्न पवित्र स्थलों के दर्शन किए। कृष्ण प्रसाद एवं वैष्णव-संग का भी लाभ लिया गया। यात्रा में लगातार हुए हरिनाम संकीर्तन ने विशेष आकर्षण बनाया और पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण रहा। आयोजकों के अनुसार यात्रा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को श्री गोवर्धन धाम की महिमा से परिचित कराने के साथ श्रील प्रभुपाद की शिक्षाओं के अनुरूप हरिनाम, साधना, सत्संग और भक्तिमय जीवन से जोड़ना रहा। यात्रा की व्यवस्थाओं के लिए बस, आवास, प्रसादम, जल, कीर्तन और साउंड सिस्टम सहित विभिन्न सेवाओं के लिए अलग-अलग सेवा दल एवं कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए गए थे। श्रद्धालुओं ने भी विभिन्न सेवाओं में उत्साहपूर्वक सहयोग किया। यात्रा के सफल समापन पर गुप्त वृन्दावन धाम की ओर से सभी श्रद्धालुओं, सेवकों एवं सहयोगियों का आभार जताया गया। साथ ही भक्तों को नियमित जप, श्रीमद्भागवत श्रवण, वैष्णव-संग एवं सेवा को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।