निराधनूं के सरकारी स्कूल में खुलेगा अटल ज्ञान केंद्र, निर्माण कार्य शुरू

निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। निराधनूं के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अटल ज्ञान केंद्र (ई-लाइब्रेरी) का निर्माण शुरू हो गया है। ग्राम पंचायत की ओर से बनाए जा रहे इस केंद्र का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराना है। प्रशासक जगदीश प्रसाद जोशी ने बताया कि अटल ज्ञान केंद्र में लाइब्रेरी और ई-लाइब्रेरी की सुविधा होगी। यहां युवा स्व-अध्ययन के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि केंद्र पर आमजन को ई-मित्र की तर्ज पर विभिन्न सुविधाएं भी मिलेंगी। सरकारी योजनाओं के आवेदन के साथ जाति, जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र, मूल निवास और राशन कार्ड सहित अन्य सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में अटल प्रेरक भी सहयोग करेंगे। ग्राम विकास अधिकारी जावेद खान ने बताया कि राजस्थान सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, डिजिटल साक्षरता और युवाओं को बेहतर अवसर देने के लिए पंचायत स्तर पर अटल ज्ञान केंद्र बनाए जा रहे हैं। पहले चरण में 3 हजार से अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायतों को इसके लिए चुना गया है। केंद्र में इंटरनेट कनेक्टिविटी, कंप्यूटर लैब, ई-लाइब्रेरी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे ग्रामीण युवाओं को पढ़ाई और डिजिटल सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

You might also like