श्रमिकों की मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने किया प्रदर्शन

संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। भारतीय मजदूर संघ के केंद्रीय आह्वान पर सोमवार को असंगठित एवं संगठित क्षेत्र के कामगारों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व राजस्थान विद्युत महासंघ के प्रदेश महामंत्री सतीश राठौड़ और जिला मंत्री संदीप धाभाई ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के नाम भी अलग-अलग मांगपत्र सौंपे गए। इनमें विद्युत कर्मचारियों की 11 सूत्रीय, आंगनबाड़ी कर्मचारियों की 6 सूत्रीय, भवन निर्माण श्रमिकों की 10 सूत्रीय तथा कॉपर मजदूरों की विभिन्न मांगें शामिल थीं।
श्रमिक हित में एकजुट होने का आह्वान
विद्युत महासंघ के प्रदेश महामंत्री सतीश राठौड़ ने 11 सूत्रीय मांगों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिला मंत्री संदीप धाभाई ने कहा कि श्रमिकों के हितों के लिए सभी को राष्ट्र हित, उद्योग हित और श्रमिक हित में एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम में डिस्कॉम महामंत्री देवकरण सैनी, सुरेश शर्मा, कॉपर खान मजदूर महासंघ के श्यामलाल सैनी, भवन निर्माण से सुरेंद्र वर्मा, आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ से कृष्णा कंवर तथा विद्युत सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ओर से ईश्वर लाल शर्मा ने भी संबोधित किया। प्रदर्शन में रोडवेज, विद्युत, पोस्टल, आंगनबाड़ी, शेखावाटी ड्राइवर संघ, ऑटो यूनियन, खेतड़ी कॉपर मजदूर संघ, कॉपर ठेकेदार मजदूर संघ और बैंक सहित संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के कई कार्यकर्ता और मातृशक्ति शामिल हुईं। अंत में जिला अध्यक्ष राजेश किरोड़ीवाल और संयुक्त जिला मंत्री सुनील बुगालिया ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

You might also like