बदमाश अजीत बड़बर गिरफ्तार, कार से देशी पिस्टल बरामद

मधु दहिया
बुहाना (नवयत्न)।  सिंघाना थाना पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी अजीत कुमार बड़बर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित 9 मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार 16 अगस्त को विशेष अभियान के तहत सिंघाना थाना टीम कार्रवाई के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान डीएसटी टीम से सूचना मिली कि सातडिया की तरफ से एक कार सिंघाना की ओर आ रही है और उसमें सवार व्यक्ति के पास हथियार हो सकता है। सूचना पर पुलिस टीम ने सातडिया जाने वाले आम रास्ते पर नाकाबंदी कर सफेद रंग की कार को रुकवाया। तलाशी लेने पर चालक के पास से देशी पिस्टल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अजीत कुमार (45) पुत्र रामकुमार, निवासी बड़बर, थाना बुहाना बताया। पिस्टल रखने का लाइसेंस या अनुमति पत्र मांगा गया तो आरोपी ने उसके पास कोई दस्तावेज नहीं होना बताया। इसके बाद पुलिस ने पिस्टल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मामला दर्ज किया।
दो दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपी से हथियार के संबंध में पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
पुलिस सिंघाना थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने की। पुलिस टीम में थानाधिकारी सुगन सिंह, एएसआई सहीराम कुमार, एएसआई विनोद कुमार, एएसआई हरिराम, हेड कांस्टेबल रामस्वरूप सहित सिंघाना थाना टीम के जवान शामिल रहे। डीएसटी टीम में एएसआई शशिकांत शर्मा, हेड कांस्टेबल हरीश, कांस्टेबल संदीप गांधी, योगेंद्र और कुलदीप शामिल रहे।

You might also like