विजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी उपखंड के बागोर गांव के खेल मैदान में खेलकूद प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में गांव के युवाओं और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने वॉलीबाल, दौड़ व अन्य खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के लिए दमखम दिखाया। प्रतियोगिताओं के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सम्मान पाकर खिलाड़ियों के चेहरे पर खुशी नजर आई। ग्रामीणों ने भी प्रतिभावान खिलाड़ियों की हौंसला अफजाई करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में इंजी. नागेश चौधरी ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं बल्कि इनके माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और एकता की भावना विकसित होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें उचित अवसर और मंच मिलने पर वे जिले, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर गांव का नाम रोशन कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने से युवा शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनेंगे तथा उनकी ऊर्जा रचनात्मक कार्यों में लगेगी। ग्रामवासियों ने कहा कि बागोर की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए भविष्य में भी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रतिभावान खिलाड़ियों को आवश्यक सहयोग और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। इस मौके पर रोहिताश, सुरेंद्र, रामनिवास, अजय कुमार, मनोज कुमार, ओमप्रकाश, सुरेंद्र, सुरेश कुमार, अजीत कुमार, सतीश कुमार, प्रवीण कुमार, हिमांशु, कैलाश चंद, विकास कुमार, सचिन कुमार, अजय कुमार सहित अनेक लोग मौजूद थे।