24 घंटे में ट्रैक्टर चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
मधु दहिया
सिंघाना (नययत्न)। पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के मामले का 24 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार 17 अगस्त को बिशनपुरा निवासी अंकित कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सिंघाना रोड स्थित एसडीआरएल कार्यालय के बाहर खड़ा ट्रैक्टर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच चोरी हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी मंजू चौहान के सुपरविजन और थानाधिकारी सुगन सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच हेड कांस्टेबल सत्यराज को सौंपी गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसी दिन चोरी के ट्रैक्टर के साथ सुनिल निवासी गोदारा का बास, थाना चिड़ावा को सांवलोद से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी सुगन सिंह, हेड कांस्टेबल सत्यराज, कांस्टेबल रवि कुमार, रामावतार और धर्मपाल शामिल रहे।