टिकट के लिए ओला के कार्यालय में दावेदारों की कतार, दिनभर चला मुलाकातों का दौर
संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। नगर परिषद के 60 वार्डों में पार्षद टिकट को लेकर कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को माननगर सांसद बृजेंद्र सिंह ओला के कार्यालय में टिकट के दावेदारों की भीड़ रही। विभिन्न वार्डों से दावेदार अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की। सांसद पुत्र एवं विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे अमित ओला ने वार्डवार दावेदारों से मुलाकात की। उन्होंने संबंधित वार्ड की राजनीतिक स्थिति, स्थानीय मुद्दों, जनसमर्थन और संभावित प्रत्याशियों के बारे में फीडबैक लिया। दावेदारों ने भी अपने पक्ष में तर्क रखते हुए चुनाव जीतने की संभावनाएं बताईं। कई वार्डों में एक से अधिक दावेदार सामने आने से कांग्रेस के सामने टिकट वितरण की चुनौती बढ़ गई है। ऐसे में पार्टी स्तर पर वार्डवार फीडबैक जुटाया जा रहा है। दावेदारों की सक्रियता से शहर की चुनावी राजनीति भी गरमाने लगी है।

शनिवार को सांसद बृजेंद्र ओला से हो सकता है मंथन
सूत्रों के अनुसार, शनिवार को सांसद बृजेंद्र सिंह ओला के झुंझुनूं आने का कार्यक्रम है। ऐसे में अमित ओला की ओर से शुक्रवार को जुटाए गए फीडबैक पर सांसद के साथ चर्चा होने की संभावना है। वार्डवार दावेदारों की स्थिति, स्थानीय समीकरण और जीत की संभावनाओं पर मंथन के बाद पार्टी की रणनीति तय हो सकती है। टिकट की अंतिम घोषणा से पहले कांग्रेस में चल रही यह कवायद चुनावी माहौल के गरमाने का संकेत दे रही है। अब नजर इस बात पर है कि पार्टी 60 वार्डों में किन चेहरों पर दांव लगाती है।