शेखावाटी विवि में रिसर्च का दायरा बढ़ा, 10 नए पीएचडी गाइड नियुक्त
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर ने नए शोध पर्यवेक्षकों (पीएचडी गाइड) की सूची जारी की है। विश्वविद्यालय ने विभिन्न राजकीय महाविद्यालयों में कार्यरत 10 असिस्टेंट प्रोफेसरों को अलग-अलग विषयों में शोधार्थियों के मार्गदर्शन की जिम्मेदारी दी है। नई सूची में राजकीय महाविद्यालय खेतड़ी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जयप्रकाश गर्ग को एबीएसटी (अकाउंटेंसी एंड बिजनेस स्टेटिस्टिक्स) विषय में शोध पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। अब इस विषय में पीएचडी करने वाले शोधार्थी उनके मार्गदर्शन में शोध कर सकेंगे। डॉ. गर्ग शिक्षण और अकादमिक क्षेत्र में सक्रिय हैं। इसके साथ ही वे जादू कला के क्षेत्र में भी पहचान रखते हैं। शोध पर्यवेक्षक बनने से खेतड़ी और आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर शोध मार्गदर्शन मिल सकेगा। विश्वविद्यालय की सूची में झुंझुनूं जिले के चार महाविद्यालयों के शिक्षकों को शोध पर्यवेक्षक बनाया गया है। इनमें राजकीय कन्या महाविद्यालय झुंझुनूं की डॉ. रोहिताश्व कुमार को इतिहास, एसएनएमटी राजकीय कन्या महाविद्यालय के डॉ. राजवीर सिंह को इतिहास और एसआरआरएम राजकीय महाविद्यालय के डॉ. वेदप्रकाश को राजनीति विज्ञान विषय में शोध पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
सीकर और नीमकाथाना के शिक्षक भी शामिल
सीकर और नीमकाथाना जिले के महाविद्यालयों से भी छह असिस्टेंट प्रोफेसरों को शोध पर्यवेक्षक बनाया गया है। इनमें एसके राजकीय कन्या महाविद्यालय सीकर की डॉ. बबिता और डॉ. डिंपल कुमारी को समाजशास्त्र, डॉ. नरेश चेजारा को भौतिक विज्ञान और डॉ. मैना को संस्कृत विषय में शोध पर्यवेक्षक बनाया गया है। राजकीय कला महाविद्यालय सीकर के डॉ. पाणिनि नीमर को भूगोल तथा एसएनकेपी राजकीय महाविद्यालय नीमकाथाना के डॉ. अनूप कुमार को वनस्पति विज्ञान विषय में शोध पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
शोधार्थियों को मिलेगा बेहतर मार्गदर्शन
शोध पर्यवेक्षक पीएचडी शोधार्थियों को शोध विषय और शोध योजना तय करने से लेकर शोध पद्धति, सामग्री के विश्लेषण और थीसिस तैयार करने तक मार्गदर्शन देते हैं। नई नियुक्तियों से शेखावाटी क्षेत्र में शोध गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और पीएचडी करने वाले विद्यार्थियों को अधिक विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है।