15.36 लाख का नकली सोना बेचकर ठगी, गुजरात में डेरा डालकर दो आरोपियों को पकड़ा

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। पैतृक गहने बताकर 135 ग्राम का नकली सोने का नेकलेस बेचकर 15.36 लाख रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का चिड़ावा पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों सोलंकी अमित (30) और राठौड़ अनिल भाई (33) को अहमदाबाद, गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़ित को झांसा दिया था कि वे पाली जिले के फालना के रहने वाले हैं और चिड़ावा क्षेत्र में जेसीबी चलाते हैं। परिवार में बीमारी के चलते रुपए की जरूरत बताकर उन्होंने पैतृक गहना बेचने की बात कही थी। पीड़ित ने 9 जुलाई को नेकलेस को 11,380 रुपए प्रति ग्राम के हिसाब से 15 लाख 36 हजार 300 रुपए में खरीद लिया। बाद में सुनार से जांच कराने पर पता चला कि नेकलेस सोने का नहीं, बल्कि दूसरी धातु का था, जिस पर सोने की परत चढ़ी थी। इसके बाद 21 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में नागौर, जालौर, सांचौर और अहमदाबाद में दबिश दी। अहमदाबाद में डेरा डालकर तलाश के बाद दोनों को डिटेन किया गया। पूछताछ में जुर्म साबित होने पर 20 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। पुलिस आरोपियों से ठगी की रकम और वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

You might also like