पार्सल वाहन में सोफा-अलमारी के पीछे छिपाकर ले जा रहे थे 20 लाख की शराब

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। नगरीय निकाय चुनाव-2026 को लेकर पुलिस की सख्ती के बीच पिलानी में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई। पुलिस ने मंड्रेला-पिलानी रोड पर नाकाबंदी कर चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब के 148 कार्टन बरामद किए। शराब को बंद बॉडी पिकअप में पुराने सोफा सेट और लोहे की अलमारी के पीछे छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने पिकअप जब्त कर हरियाणा निवासी प्रवीण (30) को गिरफ्तार किया है। शराब और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है। नगरीय निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए पुलिस की ओर से अवैध शराब और अन्य गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई है। इसी दौरान 21 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि मंड्रेला से पिलानी की ओर एक बंद बॉडी पिकअप में शराब ले जाई जा रही है। पुलिस टीम ने तुरंत मंड्रेला-पिलानी रोड पर नाकाबंदी की और संदिग्ध पिकअप को रोक लिया।
घरेलू सामान की आड़ में छिपाई शराब
तलाशी के दौरान पिकअप के पिछले हिस्से में पुराने सोफा सेट और लोहे की अलमारी रखी मिली। इन्हें गत्ते और टेप से कवर किया गया था। सामान हटाने पर पीछे शराब के 148 कार्टन मिले। चालक के पास शराब परिवहन का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं था। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब को हरियाणा सीमा से राजस्थान होते हुए गुजरात ले जा रहा था। पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए घरेलू सामान की आड़ तैयार की गई थी। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में अनुसंधान जारी है।

You might also like