सामने से आई बोलेरो से बचने में पोल से टकराई बाइक, युवक गंभीर घायल
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। उपखंड के बडाऊ के पास शुक्रवार को सामने से आ रही बोलेरो गाड़ी से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार खरखड़ा पंचायत के बसंत विहार निवासी कुंदन (30) पुत्र रघुवीर सिंह बाइक से घर से बडाऊ की ओर किसी काम से जा रहा था। गौशाला के पास मोड़ पर सामने से अचानक बोलेरो गाड़ी आ गई। बोलेरो से बचने के लिए कुंदन ने बाइक को सड़क से नीचे उतार लिया। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। हादसे में कुंदन के सिर, पैर और हाथ में चोटें आई हैं। अस्पताल में उसका उपचार किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। वहीं खेतड़ीनगर पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
झाड़ियों से निकालकर अस्पताल पहुंचाया
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल कुंदन सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा था। लोगों ने उसे झाड़ियों से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर खेतड़ी से एंबुलेंस के पायलट महेश लगरी और ईएमटी सज्जन बजाड़ मौके पर पहुंचे। दोनों ने घायल को खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया।