गोगाजी मेले की तैयारियों पर मंथन, 5 सितंबर को लगेगा भव्य मेला
हर्ष सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। बगड़ रोड स्थित गोगामेड़ी मंदिर में रविवार को जाहरवीर गोगाजी महाराज के 5 सितंबर को होने वाले वार्षिक मेले की तैयारियों को लेकर मंदिर समिति की बैठक हुई। बैठक में मेले को हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। मंदिर महंत कमल सैनी ने बताया कि 2 सितंबर को मंदिर परिसर में अखंड रामायण पाठ होगा। 3 सितंबर को विभिन्न नृत्य नाटिकाओं और झांकियों का आयोजन किया जाएगा। 4 सितंबर को गोगाजी महाराज का भव्य शृंगार, निशान यात्रा और छप्पन भोग का आयोजन होगा। रात में श्याम भजन पार्टी लूमास की ओर से भजन संध्या होगी। 5 सितंबर को मुख्य मेला लगेगा। इसमें बच्चों के जात-जडूले, पूजा-पाठ सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और भंडारे की व्यवस्था भी की जाएगी।