समाजसेवा की मिसाल : पारीक परिवार ने मंदिर निर्माण के लिए दिए 7.01 लाख
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। श्री छ:न्याति ब्राह्मण महासंघ की प्रस्तावित भूमि पर मंदिर एवं बहुआयामी भवन निर्माण के लिए समाजसेवी एवं विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय महामंत्री (प्रमुख) पवन कुमार पारीक सुपुत्र स्व. बजरंग लाल पारीक, गांधी चौक, नोखा द्वारा अपने पूज्य पिता स्व. बजरंग लाल पारीक की स्मृति में 7.01 लाख की राशि दान स्वरूप प्रदान की गई। श्री छ:न्याति ब्राह्मण महासंघ के मार्गदर्शक एवं शुभचिंतक पवन कुमार पारीक के इस योगदान को समाज के प्रति श्रद्धा, सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व का अनुकरणीय उदाहरण बताया गया। महासंघ की कार्यकारिणी एवं समाजबंधुओं ने उनके प्रति हार्दिक वंदन, अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया। महासंघ की ओर से पवन कुमार पारीक को उत्तराधिकारी प्राप्त न्यासी एवं आजीवन संरक्षक का अधिकार प्रदान किया जाएगा। वहीं उनके सुपुत्र कार्तिक पारीक एवं भ्राता प्रदीप पारीक, नोखा को अति विशेष निर्वाचक मंडल सदस्य एवं आजीवन संरक्षक का अधिकार प्रदान किया जाएगा।
12 से 13 करोड़ की महत्वाकांक्षी परियोजना
महासंघ की ओर से प्रस्तावित मंदिर एवं बहुआयामी भवन निर्माण परियोजना की अनुमानित लागत करीब 12-13 करोड़ बताई गई है। परियोजना के माध्यम से समाज के लिए शिक्षा, संस्कार, धार्मिक गतिविधियों, सेवा एवं सामाजिक कार्यक्रमों के लिए स्थायी सुविधाएं विकसित करने का लक्ष्य है। महासंघ की कार्यकारिणी ने सम्पूर्ण छ:न्याति ब्राह्मण समाज के भामाशाहों, समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आह्वान किया है। महासंघ ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता इस महत्वाकांक्षी संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यकारिणी के अनुसार, यह योगदान केवल वर्तमान पीढ़ी के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए शिक्षा, संस्कार, आस्था एवं सेवा की स्थायी धरोहर के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। सम्पूर्ण समाज की ओर से पवन कुमार पारीक, प्रदीप पारीक, कार्तिक पारीक को इस पुनीत योगदान के लिए हार्दिक बधाई एवं साधुवाद प्रेषित किया गया।