पुरानी रंजिश में युवक का कार से अपहरण कर मारपीट करने वाले गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न) । जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते युवक का अपहरण कर मारपीट करने के मामले का 24 घंटे में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हुंडई आई-20 कार भी जब्त की है। आरोपियों ने करीब एक साल पुरानी कहासुनी का बदला लेने के लिए शराब के नशे में वारदात को अंजाम दिया था।
जयपुर पूर्व पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि 22 अगस्त की देर रात करीब एक बजे परिवादी जय सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि मालवीय नगर सेक्टर-11 में दादी के घर के पास से हरीश धनवानी, देवेश चेलानी, लोकेश उर्फ नोनू और साहिल चावला उसे जबरन कार में डालकर ले गए और रास्ते में उसके साथ मारपीट की। बाद में आरोपी उसे नंदपुरी अंडरपास के पास बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गए।
इस मामले में जवाहर सर्किल थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन के निर्देशन, एसीपी मालवीय नगर शिवदयाल के सुपरविजन और थानाधिकारी महेश चंद्र के नेतृत्व में टीम गठित की गई। उप निरीक्षक श्यामप्रकाश की टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस से बचने के लिए आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहे थे। तकनीकी जानकारी और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर हरीश धनवानी (32), लोकेश लालवानी उर्फ नोनू (26), साहिल चावला (27) और दिवेश कुमार चेलानी (24) गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि करीब एक साल पहले मुख्य आरोपी हरीश धनवानी की जय सोनी से कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। तभी से आरोपी उससे बदला लेने की फिराक में थे। 22 अगस्त की रात चारों ने पहले शराब पी और इसके बाद जय सोनी को कार में अगवा कर उसके साथ मारपीट की। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी हरीश धनवानी के खिलाफ जवाहर सर्किल थाने में पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

You might also like