राखियों से सजा झुंझुनूं बाजार, पांच से 500 रुपए तक की वैरायटी

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। रक्षाबंधन पर शहर के बाजार रंग-बिरंगी राखियों से सज गए हैं। दुकानों पर बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों की पसंद के अनुसार अलग-अलग डिजाइन की राखियां उपलब्ध हैं। इस बार बाजार में 5 रुपए से लेकर 500 रुपए तक की राखियां बिक रही हैं। दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और अहमदाबाद से आई राखियों की भी मांग है। दुकानदार चंद्रकाम बंका के अनुसार इस बार पारंपरिक राखियों के साथ डिजाइनर और ट्रेंडी राखियां भी खूब पसंद की जा रही हैं। स्टोन, रेशम, जरी, बूटी, टेडी बियर, मोती, रुद्राक्ष और चंदन वाली राखियां बाजार में सजी हैं। बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं, जबकि युवाओं में स्टाइलिश और डिजाइनर राखियों की मांग अधिक है।


राखी के साथ गिफ्ट कॉम्बो भी
बाजार में राखियों के साथ गिफ्ट पैक, चॉकलेट, ड्राई फ्रूट्स और छोटे उपहार भी उपलब्ध हैं। कई दुकानदारों ने राखी और गिफ्ट के कॉम्बो पैक तैयार किए हैं। मिठाई और गिफ्ट की दुकानों पर भी रक्षाबंधन को लेकर खरीदारी बढऩे लगी है। व्यापारियों को त्योहार के अंतिम दिनों में बाजार में और भीड़ बढऩे की उम्मीद है।
आज सूण मांडने का समय, 28 अगस्त को पूरे दिन राखी बांध सकेंगे (फोटेा-19)
बाबूलाल शर्मा झुंझुनूं के अनूसार रक्षाबंधन से एक दिन पहले 27 अगस्त को सूण मांडने की परंपरा है। पंचांग के अनुसार सूर्योदय से सुबह 9: 05 बजे तक सूण मांडने का शुभ समय बताया गया है। रक्षाबंधन के दिन राखी बांधने से पहले सूण की रोली, मौली और चावल से पूजा कर उसे मीठा खिलाने की परंपरा है। इस बार रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा। भद्रा का व्यवधान नहीं रहेगा और सूर्योदय से पहले ही भद्रा समाप्त हो जाएगी। ऐसे में पूरे दिन रक्षाबंधन का पर्व मनाया जा सकेगा।

You might also like