रोडवेज डिपो में 25 मिनट तक हंगामा, महिला कर्मचारी ने पाइप से युवक को पीटा, पुलिस चौकी पर ताला, मारपीट का वीडियो वायरल

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। रोडवेज बस डिपो में शराब के नशे में बताए जा रहे युवक को बस में बैठने से रोकने पर विवाद हो गया। युवक ने परिचालक से गाली-गलौज की। इसके बाद विवाद बढऩे पर युवक और रोडवेज कर्मचारियों के बीच मारपीट हो गई। इसी दौरान एक महिला कर्मचारी पर युवक को पाइप से पीटने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार कोटपूतली निवासी युवक उदयपुरवाटी से बस में सवार होकर झुंझुनूं आया था। यहां वह चूरू जाने वाली बस में बैठने लगा। परिचालक ने युवक के शराब के नशे में होने का हवाला देते हुए उसे बस में बैठने से रोक दिया। इस पर युवक भडक़ गया और परिचालक से अभद्रता करने लगा। विवाद बढऩे पर डिपो के अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान एक महिला कर्मचारी के हाथ में पाइप दिखाई दी। आरोप है कि उसने पाइप से युवक की पिटाई कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। वायरल वीडियो में युवक और रोडवेज कर्मचारियों के बीच धक्का- मुक्की और मारपीट होती दिखाई दे रही है। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया। हालांकि मामला शांत नहीं हुआ और करीब 25 मिनट तक डिपो परिसर में हंगामा चलता रहा। इस दौरान यात्रियों की भीड़ जमा हो गई।
डिपो की पुलिस चौकी में कर्मचारी नहीं था
हंगामे के दौरान डिपो परिसर में बनी पुलिस चौकी पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं होने की बात सामने आई है। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इसके बाद डिपो में स्थिति सामान्य हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

You might also like