ऊंटवालिया रोड अंडरपास पर टिनशेड लगाया, अब बारिश में नहीं भरेगा पानी
निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। रेलवे ने बिसाऊ स्टेशन के पास ऊंटवालिया रोड पर बने अंडरपास में बारिश का पानी भरने की समस्या का समाधान कर दिया है। रेलवे ने अंडरपास के ऊपर टिनशेड लगा दिया है। इससे बारिश का पानी सीधे अंडरपास में नहीं गिरेगा। बिसाऊ से ऊंटवालिया और रामसरा होते हुए चूरू जाने वाली लिंक रोड पर स्टेशन के पास यह अंडरपास बना हुआ है। बारिश के दौरान अंडरपास में पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो जाता था। लोगों को आवाजाही में परेशानी होती थी। अब रेलवे ने अंडरपास के ऊपर टिनशेड लगाकर दोनों तरफ बरसाती पानी की निकासी के लिए नालियां बनाई हैं। बारिश का पानी शेड से होकर दोनों तरफ की जमीन पर निकलेगा। इससे अंडरपास में पानी भरने की समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है।
कई गांवों के लिए अहम है रास्ता
इस लिंक रोड पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है। यह सडक़ जयपुर – सादुलपुर हाईवे से जुड़ती है। साथ ही चूरू जिले के ऊंटवालिया और रामसरा गांवों को भी बिसाऊ से जोड़ती है। ऊंटवालिया बिसाऊ के नजदीक होने के कारण ग्रामीण खरीदारी और व्यापार के लिए बिसाऊ आते हैं।