पांच दिन से पानी की सप्लाई बंद, बहाल नहीं हुई तो मटका फोड़ प्रदर्शन

निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। महनसर के वार्ड 1, 2 और 11 में पांच दिन से पेयजल सप्लाई बंद है। ट्यूबवेल की मोटर जलने के बाद जलदाय विभाग की ओर से अब तक इसे बदला नहीं गया। इससे वार्ड के लोगों को पीने के पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासियों विष्णुकांत महर्षि, बनवारीलाल धाबाई, फूलचंद बारी और राजकुमार सैनी ने बताया कि पांच दिन पहले ट्यूबवेल की मोटर जल गई थी। मोटर बदलवाने के लिए जलदाय विभाग के अधिकारियों के साथ 181 पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करवाई गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि पेयजल के लिए पड़ोसी वार्डों की ट्यूबवेल सप्लाई पर निर्भर रहना पड़ रहा है। वहां से लोग सिर पर पानी ढोकर घर तक ला रहे हैं। पांच दिन से पानी की समस्या के कारण वार्डवासियों में रोष है। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि गुरुवार को मोटर बदलकर पेयजल सप्लाई बहाल नहीं की गई तो शुक्रवार को बिसाऊ कनिष्ठ अभियंता कार्यालय के सामने मटका फोड़ प्रदर्शन किया जाएगा।

You might also like