108 के चालक ने अपनी खरी कमाई से भेंट की जरूरतमंद लोगों के लिए राहत सामग्री

खेतड़ी,(जयंत खाँखरा)18 मई। कोरोना काल के दौरान हर कोई जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए अपने हाथ आगे बढ़ा रहा है, ऐसे में अल्प वेतनभोगी कर्मचारी भी अपनी पूर्ण सहभागिता निभा रहे हैं। सोमवार को खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरीश यादव को 108 एंबुलेंस के चालक महेश गुर्जर ने अपने खून पसीने की कमाई से जरूरतमंद लोगों के लिए 1 क्विंटल गेहूं व 21 सौ रुपए भेंट कर सामाजिक एकता का परिचय दिया। चालक महेश गुर्जर ने बताया कि जब भी सड़क पर एंबुलेंस चलाकर ले जाते हैं तब उनको सड़क पर बाहर से आने वाले पैदल राहगीर नजर आते हैं तो उनके मन में विचार आया कि मुझे भी देश हित में कुछ योगदान देना चाहिए। बीसीएमओं डॉ हरीश यादव ने बताया कि 108 एंबुलेंस का चालक एक संविदा कर्मी है, अल्प वेतनभोगी होने के बावजूद भी अपनी मेहनत से कमाई पूंजी से जरूरतमंद को राहत देने के लिए यह एक सराहनीय पहल है। जो गेहूं प्राप्त हुए हैं उनको रेंजर विजय कुमार फगेड़िया के द्वारा बनाए गए चिरानी नर्सरी में राशन डिपो में भिजवा दिया गया है तथा नगद रुपए का अन्य जरूरत का सामान खरीद कर राशन किट बनाए जाएंगे जो जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाए जाएंगे। इस मौके पर फार्मासिस्ट संदीप बबेरवाल, सुनील कुमार सैनी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

You might also like