अफवाहों से बचें: 7 घरेलू गैस सिलेण्डर जब्त : राठौड़
संजय सोनी
झुंझुनू (नवयत्न)। मध्य-पूर्व संकट के मद्देनजर एलपीजी आपूर्ति में संभावित व्यवधान और कालाबाजारी पर नियंत्रण के लिए उच्च स्तर से मिले निर्देशों की पालना में जिले में कार्रवाई तेज कर दी गई है। जिला रसद कार्यालय द्वारा गठित टीम ने घरेलू गैस सिलेण्डरों के दुरुपयोग के खिलाफ सख्ती बरतते हुए सूरजगढ़ और खेतड़ी ब्लॉक में कार्रवाई की।
प्रवर्तन निरीक्षक सुरेन्द्र जिलोवा के नेतृत्व में 3 प्रतिष्ठानों पर जांच कर 7 घरेलू गैस सिलेण्डरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर उन्हें जब्त किया गया। यह कार्रवाई लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस आदेश 2000 के प्रावधानों के उल्लंघन के तहत की गई।
जिला रसद अधिकारी डॉ. निकिता राठौड़ ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। गैस डिलीवरी के समय ही ओटीपी/डीएसी उपलब्ध कराया जाएगा और सभी गैस एजेंसी संचालकों को सीसीटीवी चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की स्थिति सामान्य है तथा कहीं भी अनावश्यक भीड़ नहीं है। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए पीएनजी अपनाने और पाइपलाइन गैस से जुड़ने के प्रयासों को गति देने की बात कही है।