ग्रामीण सेवा शिविर में 87 जाति-मूल प्रमाण पत्र जारी, अधूरी सडक़ का मामला भी उठा

निसं
चिड़ासन (नवयत्न)। लोयल ग्राम पंचायत में गुरुवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन हुआ। प्रशासक महेंद्र काजला की अध्यक्षता और शिविर प्रभारी नायब तहसीलदार ओमप्रकाश सिंघल की देखरेख में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। शिविर प्रभारी ने ग्रामीण सेवा शिविर के उद्देश्य और सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। अतिरिक्त विकास अधिकारी महेंद्र सैनी ने भी ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर में लोयल से सुल्तान जाने वाली अधूरी सडक़ का मामला प्रमुखता से सामने आया। ग्रामीणों ने बताया कि रणवीर सिंह और फुलाराम के खेतों के पास सडक़ का निर्माण दयाराम के खेत तक नहीं हो पाया है। ग्रामीणों के अनुसार इस कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने सडक़ का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि सडक़ को लेकर किसी प्रकार की निषेधाज्ञा या स्टे नहीं है। ग्रामीणों ने निर्माण अधूरा रहने के लिए संबंधित काश्तकारों की हठधर्मिता और सार्वजनिक निर्माण विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार बताया। ग्राम विकास अधिकारी अमित, कनिष्ठ सहायक मुकेश कल्याण ने 10 जन्म प्रमाण पत्र, दो मृत्यु प्रमाण पत्र और एक विवाह पंजीयन किया। 25 नरेगा जॉब कार्ड, खाद्य सुरक्षा और शौचालय के पांच – पांच, आवेदन स्वीकृत हुए। गिरदावर किशनलाल, पटवारी सुनील कुमार चारावास और पटवारी निशा ने मिलकर 3 नामांतरण खोले। नाम शुद्धिकरण के 3 प्रपत्रों का निस्तारण किया गया। लघु एवं सीमांत किसानों से संबंधित 8 प्रपत्र लिए गए तथा 13 नकल जारी की गईं। वहीं 87 जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र जारी किए गए।

You might also like