नगर पालिका चुनाव : दूसरे दिन 49 प्रत्याशियों ने दाखिल किए नामांकन
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। नगर पालिका आम चुनाव 2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शनिवार को चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई। विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी उत्साह के साथ नामांकन पत्र दाखिल किए। शनिवार को कुल 49 नाम निर्देशन पत्र रिटर्निंग अधिकारी प्यारेलाल चावला के समक्ष प्रस्तुत किए गए। नामांकन दाखिल करने वालों में भारतीय जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के साथ बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल रहे। नामांकन को लेकर प्रत्याशियों के साथ उनके समर्थक और कार्यकर्ता भी तहसील कार्यालय पहुंचे। इसके चलते कार्यालय के आसपास दिनभर चुनावी माहौल बना रहा। रिटर्निंग अधिकारी प्यारेलाल चावला ने बताया कि रविवार को राजकीय अवकाश होने के कारण नामांकन प्रक्रिया स्थगित रहेगी। अब सोमवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन होगा। ऐसे में शेष बचे प्रत्याशियों के नामांकन को लेकर सोमवार को भी तहसील कार्यालय में काफी चहल-पहल रहने की संभावना है। समर्थकों में दिखा उत्साह नामांकन प्रक्रिया के दौरान तहसील कार्यालय के बाहर विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ नजर आई। समर्थक अपने प्रत्याशियों के साथ नामांकन स्थल तक पहुंचे और चुनाव को लेकर उत्साह जताया। नगर पालिका चुनाव के मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की तस्वीर सोमवार के बाद और स्पष्ट होगी।