ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित बस बिजली के पोल से टकराई, बड़ा हादसा टला
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी कस्बे के राजकीय उप जिला अस्पताल के सामने सोमवार को ब्रेक फेल होने से एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे में बिजली का पोल और बस क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय बिजली सप्लाई बंद थी, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। बस में करीब 38 सवारियां मौजूद थीं। जानकारी के अनुसार एक बस बबाई से सवारियों को लेकर सिंघाना जा रही थी। इसी दौरान जब वह उप जिला अस्पताल के सामने पंहुची तो अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। ड्राइवर ने बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी, कि बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया और बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस में सवार यात्रियों में भी हड़कंप मच गया। हालांकि बिजली की सप्लाई बंद होने के कारण नीचे गिरे तार से करंट प्रवाहित नहीं हुआ और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हादसे में बस को भी काफी नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया। इसके बाद क्षतिग्रस्त बस को क्रेन की सहायता से हटवाकर थाने में खड़ा करवाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि घटना के समय बिजली सप्लाई चालू होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। हादसे के बाद बिजली विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पोल और तारों को दुरुस्त करने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।