नवलगढ़ में नामांकन के आखिरी दिन बढ़ी चुनावी सरगर्मी, भाजपा ने 33 तो कांग्रेस ने सभी 45 वार्डों में उतारे प्रत्याशी

निसं
नवलगढ़ (नवयत्न)। नगरपालिका चुनाव को लेकर सोमवार को नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन शहर में चुनावी हलचल तेज रही। भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र जमा किए। भाजपा ने 45 वार्डों में से 33 वार्डों में प्रत्याशियों को पार्टी सिंबल दिया है, जबकि कांग्रेस ने सभी 45 वार्डों में प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। भाजपा प्रत्याशियों ने विधायक विक्रम सिंह जाखल के नेतृत्व में नामांकन रैली निकाली। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शहीद स्मारक पहुंची। इसके बाद प्रत्याशियों ने रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किए। कई वार्डों से कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी भी अपने समर्थकों के साथ रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया और प्रत्याशियों के समर्थन में नारेबाजी हुई।

कांग्रेस की ओर से पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ राजकुमार शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशियों के सिंबल रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। कांग्रेस ने सभी 45 वार्डों में प्रत्याशी उतारे हैं। वहीं भाजपा की ओर से निकाय चुनाव प्रभारी मनोज कुमार सैनी ने 33 प्रत्याशियों के सिंबल रिटर्निंग अधिकारी प्रांजल कंवर के समक्ष जमा किए। भाजपा के 12 वार्डों में प्रत्याशियों को सिंबल नहीं दिए गए हैं। नामांकन के साथ ही नवलगढ़ में चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है। कई वार्डों में कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच त्रिकोणीय मुकाबले के आसार हैं। अब नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद तस्वीर साफ होगी कि अंतिम रूप से कितने प्रत्याशी मैदान में रहते हैं। इसके बाद प्रचार अभियान जोर पकड़ेगा और चुनावी माहौल और गर्म होने की संभावना है।

You might also like