खबर छपी तो हरकत में आया नगर परिषद, 6 महीने से बह रहे गंदे पानी की समस्या का समाधान शुरू

बाबूलाल वर्मा
झुंझुनू (नवयत्न)। मंडावा मोड़ स्थित महर्षि दयानंद गर्ल्स कॉलेज के बाहर पिछले छह महीने से सड़क पर बह रहे सार्वजनिक शौचालय के गंदे पानी की समस्या को लेकर आखिरकार नगर परिषद हरकत में आ गई। दैनिक नवयत्न में समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची और गंदे पानी की निकासी व शौचालय की मरम्मत का काम शुरू करवा दिया। मंडावा मोड़ स्थित महर्षि दयानंद गर्ल्स कॉलेज के बाहर सार्वजनिक शौचालय से पिछले छह महीने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा था। इससे सड़क पर गंदगी और बदबू फैल रही थी। कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं के साथ राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को दैनिक नवयत्न ने डॉ घासीराम वर्मा की विरासत पर लग रहे दाग! गर्ल्स कॉलेज के बाहर शौचालय का गंदा पानी सड़क पर शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर सामने आने के बाद नगर परिषद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और टीम को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद गंदे पानी की निकासी और शौचालय की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान शुरू होने से कॉलेज की छात्राओं, दुकानदारों और राहगीरों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की त्वरित कार्रवाई के साथ आमजन की समस्या को प्रमुखता से उठाने के लिए दैनिक नवयत्न का भी आभार जताया।

You might also like