आज होगी राजलदेसर नगरपालिका चुनाव की मतगणना
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। राजलदेसर नगरपालिका चुनाव 2026 के तहत 35 वार्डों में हुए मतदान के बाद अब सभी की निगाहें आज होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। नगरपालिका में किस प्रत्याशी को जीत मिलेगी और किस राजनीतिक दल या निर्दलीय प्रत्याशियों की भूमिका अहम रहेगी, इसका फैसला मतगणना के बाद सामने आएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राजकीय महाविद्यालय राजलदेसर के कमरा नंबर 03 में मतगणना करवाई जाएगी। मतों की गणना के लिए कुल 5 मतगणना टेबल लगाई जाएगी तथा 35 वार्डों के मतों की गणना कुल 7 राउंड में पूरी होगी। रिटर्निंग अधिकारी प्यारेलाल चावला ने बताया कि मतगणना की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शुरू होगी। मतदान के बाद ईवीएम को राजकीय महाविद्यालय में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा गया है। स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा के लिए 5 आरएसी जवान तथा राजलदेसर पुलिस थाने के 5 जवान तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस एवं प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है। थानाधिकारी द्वारा मतगणना स्थल एवं स्ट्रॉन्ग रूम का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। मतगणना को व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए चूरू से एक मतगणना सहायक सुपरवाइजर तथा एक सहायक अधिकारी को नियुक्त किया जाएगा। मतगणना स्थल पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। मतगणना के दौरान निर्धारित नियमों एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी। मतदान समाप्त होने के बाद से ही प्रत्याशी और उनके समर्थक अपने-अपने वार्ड में जीत-हार के समीकरणों को लेकर चर्चाओं में जुटे हैं। गली-मोहल्लों, चौराहों और चाय की दुकानों पर वार्डवार परिणामों को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। अब 14 सितंबर को मतगणना शुरू होने के साथ ही इन कयासों पर विराम लगेगा और वास्तविक परिणाम सामने आएंगे। मतगणना के दौरान प्रत्येक राउंड के परिणाम पर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की नजर रहेगी। खासतौर पर उन वार्डों में मुकाबला दिलचस्प रहने की उम्मीद है, जहां प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर बताई जा रही है। राजलदेसर नगरपालिका के 35 वार्डों के परिणाम सामने आने के बाद नगरपालिका में किस दल को बहुमत मिलेगा और किसका बोर्ड बनेगा, यह भी स्पष्ट हो जाएगा। यदि किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता है तो ऐसी स्थिति में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। यही वजह है कि मतगणना के परिणामों को लेकर राजनीतिक दलों के साथ-साथ आमजन में भी खासा उत्साह और उत्सुकता बनी हुई है। अब सभी की निगाहें 14 सितंबर की सुबह पर टिकी हैं। सुबह 8 बजे मतगणना शुरू होने के साथ ही राजलदेसर नगरपालिका के 35 वार्डों की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होती जाएगी और अंतत: नगरपालिका की नई राजनीतिक तस्वीर सामने आएगी।