खुद का वोट भी नहीं मिला! निर्दलीय प्रत्याशी को शून्य मत
सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनू (नवयत्न)। नगर परिषद झुंझुनू के वार्ड 24 का चुनाव परिणाम अपने आप में बेहद चौंकाने वाला रहा। यहां निर्दलीय प्रत्याशी उल्मा राठौड़ को एक भी मत नहीं मिला। यानी उनके खाते में कुल शून्य वोट दर्ज हुए। हैरत की बात यह भी है कि प्रत्याशी को अपना मत भी नहीं मिल पाया।
नगर निकाय चुनाव के परिणामों में किसी प्रत्याशी का शून्य मतों पर सिमट जाना अपने आप में असाधारण मामला माना जा रहा है। खासकर तब, जब संबंधित प्रत्याशी ने बाकायदा नामांकन दाखिल किया हो और उनके नामांकन में प्रस्तावक भी रहे हों। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर नामांकन दाखिल करने के बाद मतदान के दिन ऐसा क्या हुआ कि प्रत्याशी के खाते में एक भी मत नहीं आया?
यह मामला चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद शहर में चर्चा और कौतूहल का विषय बना हुआ है। उन्होंने चुनाव लड़ने का निर्णय क्यों लिया, प्रस्तावक कौन थे और स्वयं का वोट भी उनके खाते में क्यों दर्ज नहीं हुआ, इसका कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। यदि आंकड़ों की पुष्टि होती है तो नगर निकाय चुनाव में शून्य मत पाने वाले प्रत्याशी का यह मामला संभवतः बेहद दुर्लभ उदाहरणों में शामिल होगा।