जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में राजलदेसर की बालिका टीम विजेता
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। पीएम श्री यूनियन क्लब राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजलदेसर की 14 वर्षीय बालिका बैडमिंटन टीम ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया। टीम की सफलता पर विद्यालय परिसर में अभिनंदन समारोह आयोजित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। रतनीदेवी सेठिया उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुजानगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पीएम श्री यूनियन क्लब राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजलदेसर की टीम ने सूरज पब्लिक स्कूल, सरदारशहर की टीम को हराकर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम में विनीता, कुमकुम, दीपिका, अनन्या और खुशबू शामिल रहीं। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। इस अवसर पर संस्था प्रधान मोहन लाल अर्जुन ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल में अनुशासन, नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और टीम भावना का विशेष महत्व है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में टीम कप्तान विनीत सिंवल, इंद्र सिंह फगेड़िया, विमला चौधरी, सरिता शर्मा, महेश सांखोलिया, तिलोकाराम डूडी, शीशपाल, धर्मपाल बुगालिया, कपिल मीणा, ऋषिका सारण, अशोक कुमार, दीपंकर शर्मा, अनिता मारू, योगेश्वरी शर्मा, सीमा काजला, जगदीश प्रजापत सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी।