क्रिकेट, बॉक्सिंग और निबंध में छाए जेपी जानू स्कूल के विद्यार्थी
संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। शहीद कर्नल जेपी जानू पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने खेल और शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों ने जिला और ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विभिन्न उपलब्धियां हासिल कीं। विद्यालय की क्रिकेट टीम ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। टीम के खिलाड़ी रेहान खान और मोहम्मद अरमान के बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। कक्षा 12 के छात्र लोकेश ने जिला स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। उन्हें सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया। कक्षा 11 की छात्रा आरजू ने ब्लॉक स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने खुशी जताई। विद्यार्थियों की उपलब्धियों के उपलक्ष्य में विद्यालय की प्रार्थना सभा में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य अभिषेक चौधरी ने विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। विद्यार्थियों की मेहनत और लगन से साबित होता है कि निरंतर प्रयास से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।