रींगस धागा मिल में लगी भीषण आग

कई वर्षो से हो रही आगजनी

रींगस,(विद्याधर शर्मा)19 मई। कस्बे में स्थित आरएसडब्ल्यूएम धागा मिल में मंगलवार को अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। लोग चीखने-पुकारने लगे।

सूचना पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने के लिए तुरंत फोन कर दमकल बुलवाई। कुछ देर में ही रींगस नगरपालिका, परसरामपुरा औद्योगिक क्षेत्र, श्री श्याम मंदिर कमेटी खाटूश्यामजी की दमकल, चौमूं से करीब आधा दर्जन दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कवायद शुरू की। इसी बीच पानी के छह से ज्यादा निजी टैंकर भी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए। करीब सवा दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सीकर ग्रामीण सीओं राजेश ने बताया कि आग की वजह स्पार्किंग बताई जा रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

कई वर्षो से हो रही आगजनी
आरएसडब्ल्यूएम धागा मिल में इससे पहले भी आगजनी की कई घटनाएं हो चुकी है। पिछले कई सालों से मिल आगजनी की घटनाओं का शिकार हो रही है। जिसमें लाखों का नुकसान हो रहा है। आज की घटना में भी मिल में लाखों का सामान जलने की बात सामने आ रही है। गौरतलब है कि आग लगने का मुख्य कारण क्या है यह सोचनीय बिंदु है।

मची अफरा तफरी
मिल में आगजनी के बाद मौके पर जबरदस्त अफरा-तफरी का माहौल हो गया। दहशत में पहले तो लोग इधर-उधर भागे। बाद में धुआं उठते देख और भी लोग मौके पर इक्कठा होना शुरू हो गए। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर भी आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

मीडिया कर्मियों के साथ की अभद्रता, कैमरे छीनने का प्रयास
धागा मिल में आग लगने के बाद कवरेज करने पहुंचे मीडिया कर्मियों के साथ भी मिल प्रशासन द्वारा अभद्रता की गई एवं घटना का कवरेज करने से रोका गया। जिससे साफ जाहिर होता है कि मिल प्रशासन इस आगजनी की घटना में कहीं ना कहीं लीपापोती करने का प्रयास कर रहा था।

You might also like