सोखती कुई बनने से सड़क पर बह रही गंदगी से मिली राहत
बाबूलाल वर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। मंडावा मोड़ स्थित महर्षि दयानंद गर्ल्स कॉलेज के बाहर सार्वजनिक शौचालय से सड़क पर बह रहे गंदे पानी की समस्या का समाधान हो गया है। नगर परिषद ने शौचालय में सोखती कुई बनाकर उसे पाइपलाइन से जोड़ दिया है। इससे गंदे पानी की निकासी सड़क पर होने के बजाय सोखती कुई के माध्यम से होने लगी है। लंबे समय से सड़क पर गंदा पानी बहने और बदबू के कारण आसपास के दुकानदारों, व्यवसायियों, कॉलेज की छात्राओं और राहगीरों को परेशानी हो रही थी। अब समस्या दूर होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर गंदा पानी नहीं बहने से गंदगी और बदबू से निजात मिली है।
खबर का असर

इस समस्या को दैनिक नवयत्न ने प्रमुखता से उठाते हुए नगर परिषद का ध्यान आकर्षित किया था। इसके बाद नगर परिषद की ओर से कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक शौचालय में सोखती कुई का निर्माण कराया गया और उसे पाइपलाइन से जोड़कर गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था की गई। समस्या के समाधान पर स्थानीय व्यवसायियों, छात्राओं और राहगीरों ने दैनिक नवयत्न और नगर परिषद आयुक्त का आभार जताया। लोगों ने उम्मीद जताई कि शहर की अन्य जनसमस्याओं का भी इसी तरह प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा।