9 खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर चयन

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लाछड़सर के 9 खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए चयन हुआ है। खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। 14 वर्ष बालक वर्ग में रिषभ और मयंक, 17 वर्ष बालक वर्ग में गगन शर्मा, जयन्त कुमार एवं नन्दलाल तथा 19 वर्ष बालक वर्ग में राधेश्याम, नेमीचन्द, रामकरण भुंवाल एवं जयनारायण सहू का राज्य स्तर पर चयन हुआ है। संस्था प्रधान कैलाश मीणा ने सभी चयनित खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। प्रधानाचार्य राजेन्द्र शर्मा ने खिलाड़ियों की उपलब्धि को विद्यालय के लिए बड़ी सफलता बताया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गौरतलब है कि इससे पहले विद्यालय की अंडर-19 बालक क्रिकेट टीम ने जिला स्तर पर कांस्य पदक हासिल किया था। विद्यालय में पदस्थापित कोच राम प्रताप जाखड़ के मार्गदर्शन में इससे पहले भी विद्यालय के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। विद्यालय की खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में गत वर्ष विद्यालय द्वारा राज्य स्तरीय अंडर-17 बालक वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता एवं नेशनल कैंप का आयोजन भी करवाया गया था। लगातार मिल रही खेल उपलब्धियों से विद्यालय की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिली है। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणजनों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

You might also like