बस में शराब पीने से किया मना, नाराज युवकों ने कर दी तोड़फोड़
सुभष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। राजस्थान रोडवेज की एक बस के केबिन में शराब पीने से चालक व परिचालक के मना करने की बात से नाराज युवकों ने सोमवार रात को कस्बे में साहवा बाइपास मार्ग पर बस को रुकवा कर उसके शीशे तोड़ दिए व तोड़फोड़ कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जयपुर से नोहर चलने वाली राजस्थान रोडवेज बस के चालक संदीप कुमार व परिचालक धर्मेंद्र पचार ने रविवार को कुछ युवकों को बस में शराब पीने से मना कर दिया। इस बात से नाराज होकर चार युवकों ने सोमवार शाम को जयपुर से नोहर जा रही रोडवेज बस को तारानगर में साहवा बाइपास मार्ग पर रुकवाकर बस के शीशे तोड़ दिए व बस में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद युवक चालक व परिचालक के साथ गाली-गलौच करते हुए वहां से फरार हो गए। रोडवेज बस के चालक व परिचालक ने इस घटना की सूचना निगम के उच्च अधिकारियों व तारानगर पुलिस को दी व बस को पुलिस थाने के आगे लाकर खड़ा कर दिया। बस के चालक व परिचालक सहित अन्य रोडवेज कर्मियों ने पुलिस प्रशासन से आरोपित युवकों को गिरफ्तार करने व कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। मंगलवार देर शाम तक इस संबंध में पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं करवाया गया।