दर्दनाक सड़क हादसा, कार-बाइक की टक्कर में पिता-पुत्र की मौत
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। कस्बे में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा साहवा सड़क पर शहीद भगत सिंह चौक के पास हुआ। मृतकों की पहचान एमपी निवासी गजेंद्र सिंह और उनके पिता रमेश के रूप में हुई है। दोनों तारानगर में अपने परिवार सहित रहकर दिहाड़ी मजदूरी का काम करते थे। बताया जा रहा है कि दोनों मजदूरी कर बाजार से लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने ट्रैक्टर ट्रॉली की मदद से दोनों को राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना आग की तरह पूरे कस्बे में फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल में एकत्र हो गए। सूचना पर थाना के एएसआई विजय सिंह और कांस्टेबल सोमवीर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को रात्रि को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने मंगलवार सुबह नीरज अहिरवार की रिपोर्ट पर शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें परिजनों को सौंपकर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।