सफाई-लाइट की समस्या के समाधान के लिए नगरपालिका में कंट्रोल रूम शुरू
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। शहर में सफाई एवं विद्युत प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नगरपालिका प्रशासन ने पहल करते हुए पालिका कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी हरेंद्र चौधरी ने बताया कि पालिका अध्यक्ष परवीन सिसोदिया के निर्देशों की पालना में कंट्रोल रूम स्थापित कर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हिमालय को इसके लिए अधिकृत किया गया है। चोौधरी ने बताया कि शहरवासी सफाई एवं लाइट संबंधी समस्या की जानकारी नगरपालिका के कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 7597234907 पर कॉल अथवा व्हाट्सऐप के माध्यम से दे सकते हैं। प्राप्त शिकायतों को संबंधित कर्मचारियों तक पहुंचाकर यथाशीघ्र समस्या का समाधान करवाया जाएगा।
खेल स्टेडियम से तेली रोड तक चला विशेष सफाई अभियान
इधर मंगलवार को नगरपालिका टीम ने शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया। पालिका टीम ने खेल स्टेडियम से लेकर तेली रोड क्षेत्र तक सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। पुरानी रेलवे फाटक के पास सघन सफाई करवाई गई। वहीं बस स्टैंड क्षेत्र में जैन आश्रम के सामने जमा कीचड़ की समस्या के समाधान के लिए भी संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि नौशाद अली सिसोदिया, उपाध्यक्ष गौरव खंडेलवाल, पार्षद मुकेश खींची, मोहम्मद अली खान सहित नगरपालिका के कर्मचारी मौजूद रहे। पालिका प्रशासन ने आमजन से सफाई एवं लाइट संबंधी समस्याओं की सूचना कंट्रोल रूम तक पहुंचाने की अपील की है, ताकि उनका समयबद्ध समाधान किया जा सके।