निजी विद्यालयों के संस्था प्रधानों की बैठक आयोजित
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। यूसीईईओ परिक्षेत्र लाडनूं के अधीन संचालित समस्त माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक निजी विद्यालयों के संस्था प्रधानों की अत्यावश्यक बैठक मंगलवार को जौहरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य मनीष सिंघाटिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में निजी विद्यालयों के संस्था प्रधानों को शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में फ्लैगशिप कार्यक्रमो, पालनहार योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना एवं एसएचवीआर सहित अन्य योजनाओं पर निर्देश दिए गए। इसके साथ ही निजी विद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों को जारी किए जाने वाले स्थानान्तरण प्रमाण-पत्र टीसी के संबंध में विभागीय दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ऑनलाइन पोर्टल पर विद्यालयों से संबंधित कार्यों एवं आवश्यक सूचनाओं के इन्द्राज तथा अपडेशन की स्थिति की भी समीक्षा की गई और लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में शिक्षा विभाग द्वारा समय-समय पर जारी राजकीय आदेशों की निजी विद्यालयों में प्रभावी पालना सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं बैठक में सभी संस्था प्रधानों से विभागीय कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने तथा शिक्षा विभाग की योजनाओं एवं निर्देशों की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।