जर्जर कलेक्ट्रेट भवन की मरम्मत की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। कलेक्ट्रेट और जिला कोर्ट परिसर के जर्जर भवन की मरम्मत की मांग को लेकर महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान और अधिवक्ताओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भवन की सुरक्षा को देखते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि कलेक्ट्रेट पोर्च में सीलिंग का हिस्सा गिरने की घटना के बाद भवन की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई है। भवन के सीलिंग और अन्य हिस्से पहले भी समय-समय पर क्षतिग्रस्त होते रहे हैं। ऐसे में पूरे भवन की तकनीकी जांच जरूरी है। ज्ञापन में पीडब्लूडी इंजीनियरों की टीम गठित कर कलेक्ट्रेट और जिला कोर्ट परिसर के पूरे भवन का विस्तृत निरीक्षण कराने की मांग की गई। साथ ही जर्जर और क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग रखी गई। ज्ञापन देने वालों ने कहा कि कलेक्ट्रेट और जिला कोर्ट परिसर में रोजाना बड़ी संख्या में आम नागरिक, अधिवक्ता, मुवकिक्ल, पुलिसकर्मी और अधिकारी आते हैं। ऐसे में भवन की सुरक्षा को लेकर समय रहते जरूरी कदम उठाना जरूरी है। ज्ञापन देने वालों में एडवोकेट प्रदीप शर्मा, राकेश कुमार, पारस सैन, सुरेश पुरोहित, कृष्ण कुमार शर्मा, रवि शुक्ला, सुमेर सैनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

You might also like