निजामपुर मोड़ के पास झाड़ियों में मिला युवक का शव, छत से गिरने की आशंका

निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी थाना क्षेत्र के निजामपुर मोड़ के पास मंगलवार सुबह झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर की दूरी पर मिला। सूचना पर खेतड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान फैजान (27) पुत्र शराफत अली निवासी अमरोहा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। फैजान निजामपुर मोड़ स्थित राज रॉयल हेयर सैलून में काम करता था और करीब एक साल से यहां रहकर काम कर रहा था। करीब दो माह पहले ही वह अपने घर से वापस खेतड़ी आया था। साथ रहने वाले रिजवान ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात फैजान उनके साथ कमरे में था। खाना खाने के बाद रात करीब 11 बजे उसने गर्मी लगने की बात कही और छत पर सोने चला गया। मंगलवार सुबह राहगीरों ने झाड़ियों में युवक का शव देखा तो आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक की छत से गिरने से मौत होने की आशंका जताई गई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए भी जांच कर रही है। मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दे दी है। शव को कब्जे में लेकर राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के खेतड़ी पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। डीएसपी राजेंद्र सिंह बुरड़क ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

You might also like