फेसबुक पर जीवित व्यक्ति की पुण्यतिथि की पोस्ट डालना पड़ा भारी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर आपत्तिजनक एवं भ्रामक पोस्ट करने के मामले में पांचू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक 43 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया की 30 सितंबर को पुलिस थाना पांचू में परिवादी ने रिपोर्ट पेश की कि रामस्वरूप पुत्र मनीराम निवासी कुदसू ने फेसबुक पर उसके दादाजी, जो वर्तमान में जीवित एवं स्वस्थ हैं, की 9वीं पुण्यतिथि बताते हुए उनकी फोटो के साथ शोक गीत लगाकर पोस्ट की। परिवादी का आरोप है कि इस पोस्ट से उसे और उसके परिवार को मानसिक एवं सामाजिक रूप से आघात पहुंचा। रिपोर्ट मिलने के बाद मामले की जांच संतोषनाथ सऊजी को सौंपी गई। पुलिस ने परिवाद में दर्ज तथ्यों की जांच के बाद आरोपी रामस्वरूप पुत्र मनीराम निवासी कुदसू, थाना पांचू, जिला बीकानेर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।