41वीं पुण्यतिथि पर 41 विधवा महिलाओं को बांटे राशन पैकेट

हर्ष सोनी
बगड़ (नवयत्न)। अभिनव प्रगति समिति की ओर से बुधवार को स्व. परमेश्वर लाल रूंगटा की 41वीं पुण्यतिथि पर सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभिनव सेवा सदन, सब्जी मार्केट के पास आयोजित कार्यक्रम में जरूरतमंद विधवा महिलाओं को 41 राशन सामग्री के पैकेट वितरित किए गए। राशन सामग्री का वितरण सर्राफ परमार्थ फाउंडेशन, जयपुर के आर्थिक सहयोग से किया गया। प्रत्येक पैकेट में गेहूं, चावल, दाल, चीनी, तेल, मिर्च पाउडर, नमक सहित आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल थी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका बगड़ के उपाध्यक्ष अजय सिंह शेखावत रहे। अध्यक्षता महासचिव राधेश्याम बुंदेला ने की, जबकि प्रबंध सचिव महेंद्र सिंह बिजारणियां विशिष्ट अतिथि रहे। शेखावत ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही दिवंगत आत्मा को सच्ची श्रद्धांजलि है। ऐसे आयोजन समाज में सहयोग और सेवा भावना को मजबूत करते हैं। बिजारणियां ने कहा कि समिति लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य कर रही है और आगे भी सेवा कार्यक्रम जारी रखेगी। कार्यक्रम में समिति पदाधिकारियों और स्टाफ ने अतिथियों का स्वागत किया। रोहिताश्व सिंह शेखावत ने आभार जताया। प्रधानाध्यापक श्रीराम सैनी ने संचालन किया। इस अवसर पर समिति पदाधिकारी, अभिनव महिला रोजगार प्रशिक्षण केंद्र की प्रशिक्षणार्थियां और डिजिटल ई-लाइब्रेरी के पाठक-पाठिकाएं मौजूद रहे।

You might also like