पपुरना में बंदरों का आतंक खत्म, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। उपखंड की ग्राम पंचायत पपुरना में बंदरों के आतंक से परेशान ग्रामीणों को आखिरकार राहत मिली। ग्रामीणों की पहल पर एडवोकेट निरंजन लाल सैनी ने निजी खर्चे पर मथुरा से बंदर पकड़ने वाली विशेष टीम बुलवाई। टीम ने गांव में अभियान चलाकर उत्पाती बंदरों का रेस्क्यू किया। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले कई दिनों से गांव में बंदरों की संख्या बढ़ गई थी। बंदर घरों में घुसकर सामान उठा ले जाते थे। कई लोगों को काटने की शिकायत भी सामने आई। इससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित थे। ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर प्रशासन को कई बार अवगत कराया, लेकिन समाधान नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बंदरों के रेस्क्यू की व्यवस्था की। मथुरा से आई टीम ने गांव के अलग-अलग हिस्सों में अभियान चलाकर बंदरों को सुरक्षित पकड़ा। रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने निरंजन लाल सैनी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि बंदरों के पकड़े जाने से गांव में अब पहले की तुलना में माहौल शांत हुआ है।