वृद्धजन दिवस पर 50 वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, सीएम ने वीसी से सुनी बुजुर्गों की बातें

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर गुरुवार को सूचना केंद्र सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 50 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान पत्र प्रदान कर अभिनंदन किया गया। इस दौरान बुजुर्गों के अनुभव और योगदान को याद करते हुए उनके सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन को लेकर समाज की जिम्मेदारी पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, उनके कल्याण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और प्रदेश के विभिन्न जिलों में मौजूद वरिष्ठ नागरिकों से संवाद करते हुए उनके अनुभव और विचार सुने। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. महेंद्र के. सोलंकी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर, जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह और पूर्व अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंदगीराम झाझडिय़ा विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम का संचालन विजय हिंद जालमपुरिया ने किया। इस अवसर पर सामाजिक सुरक्षा अधिकारी निखिल, राजीव कुल्हार, अनिल, राजेंद्र धवल सुमन, रेणु, सत्यवीर, अमित बलौदा, कृष्ण सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, एनजीओ प्रतिनिधि राजेश अग्रवाल व बनवारी सैनी तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।
सीएम ने बुजुर्गों से किया संवाद
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वरिष्ठ नागरिकों से संवाद करते हुए उनके अनुभव और विचार सुने। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और कल्याण के लिए संचालित योजनाओं तथा सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की।
संस्था को भी किया सम्मानित
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक अरविंद ओला ने बताया कि वृद्धजन कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए ‘मन की खुशी फाउंडेशन’ को जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। संस्था की प्रतिनिधि पायल ने सम्मान ग्रहण किया। वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज के अनुभव और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण स्रोत हैं। उनके सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन के लिए परिवार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बताया गया कि समाज कल्याण सप्ताह का आयोजन 7 अक्टूबर तक किया जाएगा।

You might also like