झुंझुनूं से पोकरण वाया नोखा पहली रोडवेज बस सेवा शुरू
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। झुंझुनू से पोकरण के बीच वाया नोखा पहली रोडवेज बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिली है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के झुंझुनू डिपो द्वारा यह नई बस सेवा 1 अक्टूबर से शुरू की गई है। यह बस झुंझुनूं से रवाना होकर फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, सालासर, सुजानगढ़, बीदासर, सांडवा, कातर,, जस्सासर होते हुए नोखा, पांचू, चाड़ी, आऊ, फलौदी और रामदेवरा के रास्ते पोकरण पहुंचेगी। नई बस सेवा शुरू होने से झुंझुनू-नोखा सहित शेखावाटी, बीकानेर संभाग और पश्चिमी राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से नोखा, आऊ, फलौदी और रामदेवरा जाने वाले यात्रियों को इस सेवा से सीधा लाभ मिलेगा।
सुबह 6:15 बजे झुंझुनूं से होगी रवाना
जारी समय-सारणी के अनुसार बस झुंझुनू से सुबह 6:15 बजे रवाना होगी। इसके बाद फतेहपुर 7:30 बजे, लक्ष्मणगढ़ 7:50 बजे, सालासर 8:50 बजे, सुजानगढ़ 9:30 बजे, बीदासर 10:30 बजे, सांडवा 11:00 बजे, कातर 11:25 बजे, जस्सासर 11:50 बजे तथा नोखा दोपहर 12:40 बजे पहुंचेगी। इसके बाद बस पांचू से 1:30 बजे, चाड़ी 2:00 बजे, आऊ 2:30 बजे, फलौदी 4:00 बजे और रामदेवरा 5:10 बजे पहुंचेगी। बस का पोकरण आगमन शाम 5:30 बजे निर्धारित किया गया है।
पोकरण से वापसी भी उसी दिन
यात्रियों की सुविधा के लिए पोकरण से झुंझुनूं के लिए वापसी सेवा भी निर्धारित की गई है। बस पोकरण से सुबह 8:00 बजे रवाना होगी। रामदेवरा 8:15 बजे, फलौदी 10:15 बजे, आऊ 11:30 बजे, चाड़ी 12:00 बजे, पांचू 12:30 बजे और नोखा दोपहर 2:00 बजे पहुंचेगी। इसके बाद बस जस्सासर 2:50 बजे, कातर 3:15 बजे, सांडवा 4:00 बजे, बीदासर 4:30 बजे, सुजानगढ़ 5:20 बजे, सालासर 5:50 बजे, लक्ष्मणगढ़ 6:30 बजे और फतेहपुर 7:10 बजे होते हुए रात 8:10 बजे झुंझुनूं पहुंचेगी।
नोखा के यात्रियों को मिलेगा विशेष लाभ
नई बस सेवा शुरू होने से नोखा क्षेत्र के यात्रियों को झुंझुनूं और शेखावाटी क्षेत्र के लिए सीधा बस मार्ग उपलब्ध होगा। वहीं नोखा से पोकरण, रामदेवरा और फलौदी की ओर जाने वाले यात्रियों को भी सीधी रोडवेज बस सुविधा मिलेगी। रामदेवरा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह सेवा उपयोगी साबित हो सकती है। स्थानीय यात्रियों के लिए इस बस सेवा का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि इसमें नोखा दोनों दिशाओं में निर्धारित प्रमुख ठहराव है। झुंझुनूं से आने वाली बस दोपहर करीब 12:40 बजे नोखा पहुंचेगी, जबकि पोकरण से झुंझुनूं जाने वाली बस दोपहर 2:00 बजे नोखा पहुंचेगी। राजस्थान रोडवेज की इस नई सेवा से झुंझुनूं से पोकरण के बीच नोखा सहित मार्ग में आने वाले अनेक कस्बों और गांवों के यात्रियों को एक नए सीधे परिवहन विकल्प की सुविधा उपलब्ध हुई है।
विभिन्न धर्मस्थल पर जाना हुआ आसान
झुंझुनू से पोकरण बस सेवा शुरू होने से झुंझुनू राणीसती, सालासर बालाजी, जम्भेश्वर भगवान मुकाम, सेफराज जी महाराज कक्कू, रामदेवरा सहित कई धार्मिक स्थानों पर आवगमन की सीधी सुविधा का लाभ यात्रियों को मिलेगा।