गांधी-शास्त्री जयंती पर विद्यार्थियों ने लिया सत्य और सादगी का संकल्प

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, श्रीमाधोपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रधानाचार्या डॉ मधु चौधरी ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सामूहिक प्रार्थना में भाग लिया। विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष, विचारों एवं राष्ट्र के प्रति योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए तथा दोनों महापुरुषों के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग प्रस्तुत किए। विद्यालय के छात्र रवि सांखला ने गांधीजी का रोल किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को गांधीजी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता तथा शास्त्री के सादगी, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन हंसा देवी व शिशुपाल सिंह बिजारणियां ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

You might also like