नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। गांधी जयंती के अवसर पर महाप्रज्ञ प्रोग्रेसिव स्कूल के विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के आदर्शों से प्रेरित स्वच्छता ही सेवा विषय पर शहर के विभिन्न स्थानों पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति गुरुदेव के समक्ष दी गई। गुरुदेव ने रुचिपूर्वक विद्यार्थियों की प्रस्तुति देखी और बच्चों को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि बाहरी स्वच्छता के साथ-साथ आंतरिक स्वच्छता पर भी पूरा ध्यान देना आवश्यक है। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने गौरव पथ पर पुलिस प्रशासन के समक्ष नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। डीएसपी जितेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वे समाज को जो संदेश दे रहे हैं, वह देश के विकास में सहायक साबित होगा। विद्यार्थियों ने इसके अतिरिक्त घोड़ावत हॉस्पिटल, वाटर वर्क्स एवं गांधी चौक पर भी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नुक्कड़ नाटक में आसमा भाटी, प्रतिज्ञा कंवर, भावना भाकर, तृप्ति स्वामी, हिमांशी सोनी, परिशिता, पूर्वी जैन, नाविका वर्मा, आशीष नागपुरीया, राघव जैन, जिया सोनी, मोहित ठोलिया, प्रियंका कंवर, गिरीश चुगानी, रौनक अग्रवाल, हिमांक जांगिड़ केी सहभागिता रही।