श्री रामप्रसाद बोहरा कॉलेज में गांधी-शास्त्री जयंती मनाई
मधु दहिया
बुहाना (नवयत्न)। स्थानीय श्री रामप्रसाद बोहरा महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. इंदु बाला यादव ने की। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। प्राचार्या डॉ. इंदु बाला यादव ने कहा कि गांधीजी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत तथा शास्त्रीजी की सादगी और ईमानदारी आज भी प्रासंगिक हैं। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देना चाहिए। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अशोक सिंघल ने स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छता, श्रमदान और समाज सेवा के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ. जितेंद्र यादव और डॉ. मनोज कुमार ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने शास्त्रीजी के ‘जय जवान, जय किसानÓ नारे और गांधीजी के ग्राम स्वराज्य के विचारों पर प्रकाश डाला। इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों के साथ महाविद्यालय का शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ मौजूद रहा। अंत में सभी ने महापुरुषों के आदर्शों पर चलने और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।