पब्लिक पार्क के पास आवारा सांडों का आतंक, राहगीरों में भय
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। शहर के पब्लिक पार्क के पास आवारा सांडों का जमावड़ा इन दिनों आमजन के लिए परेशानी और चिंता का कारण बना हुआ है। दिन और रात के समय मुख्य सड़क मार्ग पर गोवंश के मौजूद रहने तथा कई बार सांडों के आपस में भिड़ने से राहगीरों में भय का माहौल बना रहता है। पब्लिक पार्क के आसपास चाट-पकौड़ी का स्थान होने के कारण दिनभर महिलाओं और बच्चों की आवाजाही रहती है। वहीं यह मार्ग शहर के प्रमुख आवागमन वाले रास्तों में शामिल होने से रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना रहता है। ऐसे में सड़क पर खड़े आवारा सांडों के कारण वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सावधानी बरतनी पड़ती है।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में बढ़ी परेशानी
पब्लिक पार्क के अलावा आसपास सब्जी मंडी, जलदाय विभाग तथा फिजियोथेरेपी सेंटर होने से क्षेत्र में दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह से रात तक सांडों के सड़क किनारे अथवा मार्ग पर खड़े रहने और अचानक आपस में भिड़ने की घटनाओं के कारण राहगीरों को खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि आवारा गोवंश के कारण कभी भी सड़क दुर्घटना या किसी व्यक्ति के चोटिल होने जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को इस मार्ग से गुजरते समय अतिरिक्त सावधानी रखनी पड़ती है।
नंदीशाला भेजने की मांग
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका एवं संबंधित प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में घूम रहे आवारा सांडों और गोवंश को शीघ्र पकड़कर सुरक्षित रूप से नंदीशाला भेजा जाएए ताकि मुख्य सड़क और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में आमजन को राहत मिल सके। लोगों ने नियमित रूप से आवारा गोवंश की निगरानी और उन्हें सड़क से हटाने की व्यवस्था करने की भी मांग की है।