छतों के बेहद करीब से गुजर रहे बिजली के तार, हादसे का खतरा
निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। वार्ड नंबर 4 में मकानों की छतों के बेहद करीब से गुजर रहे नंगे बिजली के तार लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। मामले को लेकर पार्षद आबिद तंवर ने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता को शिकायत पत्र सौंपकर तारों को सुरक्षित दूरी पर करने की मांग की है। पार्षद ने बताया कि सिरम की दुकान के सामने स्थित मकानों की छतों के पास से बिजली के तार गुजर रहे हैं। कई जगह तार इतने करीब हैं कि छत पर आने-जाने वाले लोगों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। तेज हवा में तारों के आपस में टकराने और पतंग उड़ाने के दौरान भी हादसे की आशंका रहती है। उन्होंने विद्युत विभाग से मौके का निरीक्षण करवाकर नंगे तारों को सुरक्षित दूरी पर करने और आवश्यकतानुसार उन्हें व्यवस्थित करवाने की मांग की है। पार्षद आबिद तंवर ने कहा कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा को देखते हुए हादसा होने से पहले विद्युत विभाग को इस समस्या का समाधान करना चाहिए।