चिरानी की बेटी नेहा ने राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप में जीता कांस्य
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। उपखंड के चिरानी गांव की ढाणी गाजावाली निवासी नेहा निर्वाण ने राष्ट्रीय स्तर की गतका चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर खेतड़ी और राजस्थान का नाम रोशन किया। नेहा के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने निजामपुर मोड़ स्थित विवेकानंद सर्किल पर साफा और माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद उसे चिरानी गांव ले जाया गया, जहां ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर सम्मान किया। नेहा के कोच एवं राजस्थान टीम के मैनेजर दीपक कुमार ने बताया कि गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम परिसर में आयोजित 10वीं सीनियर नेशनल चैंपियनशिप-2026 में नेहा ने अंडर-19 आयु वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। इस दौरान मोहन सिंह निर्वाण, अखिलेश गुर्जर, मालूसिंह निर्वाण, अनिल चिरानी, अजय सिंह, मुकेश कुमार, मेहताब सिंह, रामस्वरूप गुर्जर, पाबू दान सिंह निर्वाण, हवा सिंह, नेहरू सेन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी हैं खेल प्रतिभाएं
पूर्व जिला परिषद सदस्य उम्मेदसिंह निर्वाण ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खिलाड़ियों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने से कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पातीं। गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित अवसर और सुविधाएं उपलब्ध करवाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज युवा खेलों के माध्यम से भी अपना भविष्य संवार सकते हैं, इसलिए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना जरूरी है।